Himachal Pradesh

जानिए कौन बनेगा हिमाचल का सीएम ?

By Motion Today

December 23, 2017

हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीतने के बाद भी मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा में सस्पेंस बरकरार है। सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री के चेहरे से पार्टी अपना सस्पेंस रविवार को दूर करेगी। रविवार 11 बजे के बाद पार्टी पर्यवेक्षकों के दोबारा से शिमला जाने के आसार हैं। राज्य पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर के करीबियों के अनुसार रविवार 11 बजे के बाद तोमर के शिमला जाने के आसार हैं।

पहले इस बात की चर्चा थी कि तोमर और उनके साथ पर्यवेक्षक बनीं निर्मला सीतारमन शनिवार को ही शिमला जाएंगे। मगर मुख्यमंत्री पद की गुत्थी न सुलझ पाने की वजह से तोमर और निर्मला ने अपना दौरा रविवार को बनाया है। इस बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश के कुछ वरिष्ठ नेताओं समेत संघ के वरिष्ठ अधिकारियों से हिमाचल के मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा की है।

शुक्रवार को केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में जयराम ठाकुर और धूमल समर्थकों के बीच हुई नारेबाजी भाजपा आलाकमान को रास नहीं आई है, इसलिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का नाम भी शनिवार को दोबारा से चर्चा में शामिल हो गया। लेकिन भाजपा के सामने मुश्किल यह है कि उसके मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रेम कुमार धूमल के चुनाव हारने के बावजूद भी अधिकांश विधायकों ने उनके पक्ष में राय दी है।

संघ और प्रदेश संगठन ने जय राम ठाकुर के नाम पर मुहर लगा दी है, जबकि मुख्यमंत्री चयन में पार्टी की नजर लोकसभा चुनाव 2019 की चुनौती भी है। नड्डा को कमान देने से सूबे में प्रभावशाली ठाकुर बिरादरी की नाराजगी भाजपा को झेलनी पड़ सकती है। यही वजह है कि पर्यवेक्षकों की राय जानने के बाद भी पार्टी अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को तमाम सियासी नफे-नुकसान का हिसाब लगाते नजर आए।