Business

इस तरीके से 20 से 22 रुपए सस्ता पेट्रोल खरीद रहे असम के लोग

By Motion Today

May 27, 2018

देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों से आम के साथ-साथ खास आदमी भी परेशान है। इस समय देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें अपने उच्चतम स्तर पर चल रही हैं। इस कारण लोगों का मासिक बजट गड़बड़ा गया है। दिल्ली में इस समय पेट्रोल की कीमतें 77.97 रुपए प्रति लीटर चल रही हैं जबकि डीजल 68.90 रुपए प्रति लीटर पर बिक रहा है।

लेकिन देश का एक राज्य एेसा भी है जिन्होंने महंगे पेट्रोल- डीजल को मात दे दी है। यह लोग एक छोटा सा जुगाड़ कर 20 से 22 रुपए सस्ता पेट्रोल-डीजल खरीद रहे हैं। खास बात यह है कि इसके लिए लोगों को कोई खास मशक्कत नहीं करनी पड़ रही है। इस जुगाड़ के जरिए आप भी सस्ता पेट्रोल-डीजल खरीद सकते हैं।

हम बात कर रहे हैं देश की राजधानी से 1897 किमी दूर बसे असम के बकसा जिले की। यहां के लोगों को देश में पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से कोई परेशानी नहीं है। यहां के लोग दिल्ली के मुकाबले 20 से 22 रुपए सस्ता पेट्रोल-डीजल खरीद रहे हैं।

दरअसल बकसा जिला भूटान से लगता हुआ है। भूटान में पेट्रोल-डीजल की कीमत भारत की तुलना में 20 से 22 रुपए कम हैं। एेसे में बकसा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र के लोग भूटान में जाकर अपनी गाड़ियों में पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं। यहां के लोग बिना किसी रोकटोक के भूटान के सैमड्रप जोंगखार पहुंच जाते हैं और यहां से तेल भरवाकर भारत लौट आते हैं।

नेशनल हाइवे 127 ने आसान बनाई राह

असम के बकसा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों की भूटान जाने की राह को नेशनल हाइवे 127 आसान बना देता है। दरअसल भारत और भूटान के आपसी संबंध दशकों से बेहतर हैं। इसका फायदा भूटान के सीमावर्ती क्षेत्र में रहने वाले भारतीयों को भी मिलता है।

असम के लोग आसानी से सस्ते पेट्रोल-डीजल खरीद लाते हैं। असम में इस समय पेट्रोल की कीमत 76 रुपए प्रति लीटर हैं जबकि भूटान में यह 52 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। बकसा जिले को लोगों को मात्र आधा किलोमीटर की दूरी तय करने पर ही सस्ता पेट्रोल-डीजल मिल जाता है।

भारत से ही सप्लाई होता है तेल

भूटान में पेट्रोल और डीजल की अापूर्ति भारत से ही की जाती है। लेकिन आप सोच रहे होंगे कि फिर वहां तेल इतना सस्ता क्यों मिलती हैं। यहां हम आपको बता दें कि जीएसटी लागू होने के बाद भारत से भूटान को जीरो रेटेड पर निर्यात होता है।

यानी भूटान से जो एक्साइड ड्यूटी ली जाती है वह उसे लौटा दी जाती है। भूटान की सरकार भी अपने देश के लोगों को फायदा पहुंचाना चाहती है। इसलिए पेट्रोल-डीजल सस्ती दरों पर बेचा जा रहा है। इसका फायदा भारत के लोगों को भी मिल रहा है। यदि आप भी असम की यात्रा पर जा रहे हैं तो सस्ते पेट्रोल-डीजल का लाभ ले सकते हैं।